Mennonites
मेनोनाइट्स: अर्जेंटीना में छिपी हुई दुनिया [Mennonites: A Hidden World] | DW Documentary हिन्दी
मेनोनाइट्स सबसे पुरानी प्रोटेस्टेंट फ़्री चर्च के सदस्य हैं. अर्जेंटीना में इस समुदाय के लोग असाधारण रूप से सख़्त और बाहरी दुनिया से दूर ज़िंदगी जीते हैं. वे आधुनिकता के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं, जो उनकी पारंपरिक जीवनशैली के लिए ख़तरा बन रही है.
इस छोटे से समुदाय की शुरुआत 16वीं सदी की शुरुआत में जर्मन गांवों में मुट्ठीभर लोगों से हुई थी. बहिष्कार और कड़े नियमों के कारण कई अनुयाइयों ने समुदाय छोड़ दिया. आज चार सदी बाद चार महाद्वीपों में बसे इस धार्मिक समुदाय के लोगों की संख्या दो लाख से ज़्यादा है. जहां ज़्यादातर मेनोनाइट्स आज आधुनिक और नए तौर-तरीक़ों वाली ज़िंदगी जी रहे हैं. वहीं अर्जेंटीना में उनके कुछ साथी अब भी अपनी सख़्ती और पारंपरिक तौर-तरीक़ों के लिए जाने जाते हैं.
इन्हें कट्टर धार्मिक और तकनीक के ख़िलाफ़ माना जाता है. वे कई सदियों से सामाजिक बदलावों से अछूते रहे हैं. पर अब उनका समुदाय विलुप्त होने के कगार पर है. उनके जीवन जीने का तरीक़ा और इनकी मान्यताएं लुप्त न सही, पर बदलाव के कगार पर हैं. वह भी इस दुनिया की आधुनिकता के प्रभाव के कारण.
यह फ़िल्म इस समुदाय में चल रहा वह संघर्ष दर्शाती है, जिसे वे अच्छाई और बुराई की नज़र से देखते हैं. इससे मेनोनाइट्स के जीवन जीने के फ़लसफ़े के बारे में भी पता चलता है. यह संघर्ष 21वीं सदी में काफ़ी बढ़ चुका है. इनके टकराव का कारण पारंपरिक रहन-सहन पर चकाचौंध वाली आधुनिक जीवनशैली की लालच है. अर्जेंटीना के मेनोनाइट्स का यह संघर्ष एक बहुत बड़ा सवाल पूछता है कि क्या आध्यात्म अब भी भौतिकवाद से जीत सकता है?
Credit: DW Documentary हिन्दी

